-अनामिका सिंह

रात बिजली के खंभे से गिर कर
मर गया एक आदमी,
एक पुल से नीचे गिरी है कार।

एक निर्वाचित व्यक्ति
पिछड़ गया एक वोट से,
एक युवा हार गया है
पहला क्रिकेट मैच।

एक मजदूर गिर गया है
गश खाकर जमीन पर,
एक लड़की पकड़ी गई है
सरेआम प्रेमी के साथ।

एक शहर में घुमाया गया
औरतों को निर्वस्त्र,
एक देश में फैल गया है
पानी का अकाल।

और एक अखबार कहता है कि
भ्रष्टाचार के इंडेक्स में
अस्सी वें स्थान पर है भारत।

जहां दुनिया की तमाम
घटनाओं को लगभग
चीखती आवाज में बतलाते हैं
तमाम टीवी चैनल।

उसी दुनिया के एक कोने में
तमाम घटनाओं से बेखबर
एक छोटा बच्चा
दीवार पर लिखता है-पतंग
और मांझे की जगह बांधना चाहता है
मजबूत मोटी रस्सी
ताकि भगवान के पास गई हुई मां को
उतार लाए नीचे!

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *